*बीड में महाराष्ट्र राज्य उर्दू साहित्य अकादमी के कार्यकारी अध्यक्ष जनाब सैयद हसीन अख्तर का भव्य एवं गर्म जोशी के साथ हुआ स्वागत*
बीड, 25 फरवरी 2026 (इकबाल अंसारी): उर्दू भाषा और साहित्य की उन्नति, विकास और संरक्षण के लिए निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहे महाराष्ट्र राज्य उर्दू साहित्य अकादमी, मुंबई के अध्यक्ष सैयद हसीन अख्तर का बीड शहर में गर्मजोशी और सम्मान के साथ स्वागत किया गया।
हाल ही में अकादमी की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले शिक्षकों, पत्रकारों और अन्य विशिष्ट हस्तियों को प्रदान किए गए पुरस्कारों की राशि सीधे उनके बैंक खातों में स्थानांतरित की गई। साथ ही प्रमाणपत्र, मोमेंटो और नकद राशि भी विधिवत वितरित की गई। इस पारदर्शी और समयबद्ध कार्रवाई से महाराष्ट्र के उर्दू साहित्यिक हलकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
अकादमी के कार्यकारी अधिकारी शुऐब हाशमी और कार्यकारी अध्यक्ष सैयद हसीन अख्तर के प्रयासों की व्यापक स्तर पर सराहना की जा रही है। साहित्यिक जगत का मानना है कि दोनों महानुभवगण की सतत निगरानी और मजबूत पहल के कारण यह प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो सकी।
इसी क्रम में 25 फरवरी 2026 को बीड के एम.एस. इंग्लिश स्कूल, फलकनुमा अज़ीज़पुरा में एक भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर असलम अनवरी (सचिव, सलाम एजुकेशन एंड उर्दू वेलफेयर सोसाइटी, बीड), काजी रिज़वान अहमद (प्रधानाध्यापक, हज़रत बाले पीर उर्दू हाई स्कूल, बीड), शेख खुर्शीद अहमद (उप-प्रधानाध्यापक, मिल्लिया गर्ल्स हाई स्कूल, बीड), सैयद तारिक़ सहित विभिन्न उर्दू संगठनों के प्रतिनिधियों ने सैयद हसीन अख्तर का शॉल और गुलदस्ता भेंट कर अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में शहर की अनेक जानी-मानी हस्तियां, साहित्यिक एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, शायर, लेखक तथा राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पुरस्कार राशि को सीधे बैंक खातों में जमा करने की पहल और सम्मान सामग्री के सुव्यवस्थित वितरण से न केवल पुरस्कार विजेताओं बल्कि पूरे साहित्यिक जगत में विश्वास और उत्साह का वातावरण है। इसे लेखकों, शायरों, शिक्षकों और पत्रकारों के मनोबल को मजबूत करने वाला कदम बताया जा रहा है।
अपने संबोधन में अकादमी के कार्यकारी अध्यक्ष सैयद हसीन अख्तर ने कहा कि अकादमी का उद्देश्य उर्दू भाषा और साहित्य का प्रचार-प्रसार, संरक्षण और साहित्यकारों का उत्साहवर्धन है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी हमारे महाराष्ट्र के राजनीतिक नेतृत्व के मार्गदर्शन और निर्देशन में पारदर्शिता और गंभीरता के साथ साहित्यिक सेवाएं जारी रहेंगी।
समारोह के अंत में उर्दू भाषा की प्रगति और संरक्षण के संकल्प को दोहराया गया।

संपादक केशर पालवी दैनिक बैतूल न्यूज चैनल सम्पर्क नम्बर 9424615699

